Wed. Aug 5th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

धरान में अग्रकुलमाता महारानी माधवीजी की 5147वीं जयंती श्रद्धा, भक्ति एवं सांस्कृतिक उल्लास के साथ मनाई गई

 


धरान (नेपाल)। अग्रवाल समाज की कुलमाता, प्रथम पितृदेवी एवं महाराजा अग्रसेनजी महाराज की अर्धांगिनी महारानी माधवीजी की 5147वीं जयंती गुरुवार, आषाढ़ शुक्ल द्वितीया के पावन अवसर पर धरान–12 स्थित अग्रसेन स्मृति भवन में श्रद्धा, भक्ति एवं सांस्कृतिक उल्लास के साथ भव्य रूप से मनाई गई।
नेपाल अग्रवाल सभा, धरान एवं नेपाल अग्रवाल महिला मंच, धरान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में अग्रकुलमाता महारानी माधवीजी के त्याग, मातृत्व, करुणा, सेवा, धर्मनिष्ठा तथा पारिवारिक संस्कारों के संरक्षण में उनके अतुलनीय योगदान का स्मरण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि महारानी माधवीजी केवल अग्रवाल समाज की कुलमाता ही नहीं, बल्कि आदर्श नारीत्व, मातृशक्ति, पारिवारिक एकता एवं संस्कारमय जीवन की अनुपम प्रतीक हैं। उनके आदर्श आज भी समाज के लिए समान रूप से प्रेरणादायी एवं प्रासंगिक हैं।
कार्यक्रम में महिलाओं ने सामूहिक रूप से आद्यदेवी महालक्ष्मी चालीसा का पाठ कर भक्तिमय वातावरण का निर्माण किया। इसके पश्चात माता माधवीजी के भजनों, मारवाड़ी सांस्कृतिक गीतों तथा पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित महिला एवं बालिकाओं के मनमोहक सांस्कृतिक नृत्यों ने पूरे सभागार को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर बाल प्रतिभाओं ने ‘माता माधवीजी का जीवन, व्यक्तित्व एवं आदर्श’ विषय पर प्रभावशाली वक्तृत्वकला प्रस्तुत की। साथ ही श्रीमद्भागवत गीता के संस्कृत श्लोकों का शुद्ध, सस्वर एवं भावपूर्ण पाठ कर उपस्थित श्रद्धालुओं की भरपूर सराहना प्राप्त की। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले सभी बाल प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विशेष महाआरती रही, जिसमें उपस्थित समस्त अग्रबंधुओं ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की। महाआरती के उपरांत प्रसाद वितरण एवं परस्पर शुभकामनाओं के आदान-प्रदान के साथ कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
आयोजक संस्थाओं के अनुसार ऐसे धार्मिक, सांस्कृतिक एवं संस्कारमूलक आयोजन नई पीढ़ी में धर्म, संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा अग्रवाल समाज की गौरवशाली परंपराओं के प्रति सम्मान एवं आत्मीयता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आयोजक
नेपाल अग्रवाल सभा, धरान
नेपाल अग्रवाल महिला मंच, धरान

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com