Mon. Mar 9th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

सरकार के लिए मधुमास का समय नहीं हैः शोभाकर पराजुली

Shovakar Parajuli

नेपाली कांग्रेस के भीतर बौद्धिक और तार्किक नेता के रूप में परिचित हैं– शोभाकर पराजुली । राजनीतिक विश्लेषक एवं लेखक के रूप में भी परिचित पराजुली नेपाली कांग्रेस के पूर्वसभासद् भी हैं । उन्हीं पराजुली के साथ वर्तमान राजनीतिक गतिविधि के प्रति केन्द्रित रहकर हिमालिनी प्रतिनिधि लिलानाथ गौतम ने बातचीत की हैं । प्रस्तुत है, बातचीत का सम्पादित अंश–
० नेपाली कांग्रेस और माओवादी केन्द्र के बीच जो सत्ता–गठबन्धन हुआ है, उसको अस्वाभाविक कहनेवाले भी हैं, क्या यह गठबन्धन अस्वभाविक है ?
– जब केपी ओली नेतृत्व में सरकार बनी, राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय रूप में राजनीतिक वातावरण बिगड़ गया, कूटनीतिक रूप में सरकार असफल रही । यहाँ तक की सत्ता साझेदार माओवादी भी केन्द्र तक उसको साथ नहीं दे सका । उसके बाद ही नेपाली कांग्रेस और एमाओवादी

Shovakar Parajuli
शोभाकर पराजुली

केन्द्र के बीच नया समीकरण निर्माण हुआ है । जिसके चलते कुछ लोग बहस करते हैं– यह तो अस्वाभाविक है । ऐसी प्रतिक्रिया स्वभाविक भी है ।
० कहते हैं कि एजेण्डा बिना ही सरकार परिवर्तन हुआ है, क्या ऐसा ही है ?
– एजेण्डा विहीन होकर सरकार परिवर्तन नहीं हुआ है । ओली सरकार प्रायः सभी समस्या के प्रति उदासीन थी । बात बड़ी–बड़ी होती थी, लेकिन काम कुछ भी नहीं । इसीलिए ओली सरकार का औचित्य समाप्त हो चुका था । समसामयिक और अत्यावश्यक काम भी उनके द्वारा नहीं हो पा रहा था । ओली सरकार की गैरजिम्मेदारी के कारण ही राजनीति में नया ध्रुवीकरण निर्माण हो गया और वर्तमान समीकरण बन गया । दूसरी बात, प्रजातान्त्रिक अभ्यास और संसदीय व्यवस्था में नया समीकरण निर्माण होना, अस्वाभाविक भी नहीं है ।
० प्रचण्ड नेतृत्व की वर्तमान सरकार के द्वारा आगामी चैत्र महीने में स्थानीय निकायों का निर्वाचन होने की बात है, क्या यह निर्वाचन सम्भव है ?
– निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट कहा है – आवश्यक ऐन÷नियम प्राप्त होने के १२० दिन बाद निर्वाचन किया जा सकता है । हाल जो संवैधानिक प्रावधान है, उसके अनुसार भी करीब १८ महीने के भीतर स्थानीय, प्रान्तीय और केन्द्रीय निर्वाचन सम्पन्न करवाना है । इसीलिए चैत्र में स्थानीय निर्वाचन करना हैं तो निर्वाचन के लिए आवश्यक सम्पूर्ण वातावरण निर्माण करना होगा । सबसे पहले तो राजनीतिक दलों की बीच समझदारी होनी चाहिए । उसके लिए मधेश केन्द्रित राजनीतिक दलों की मांग सम्बोधन होना जरुरी है । संविधान संशोधन किए बगैर राजनीतिक समझदारी असम्भव है । काम बहुत है, लेकिन समय कम । इसीलिए चैत्र में निर्वाचन करना है तो राजनीतिक इच्छा शक्ति दृढ होनी चाहिए ।
० इसका मतलब चैत्र में निर्वाचन सम्भव नहीं है ?
– राजनीतिक इच्छा शक्ति हो तो असम्भव भी नहीं है । राजनीतिक दलों की सुस्ती और उदासीनता देखी जाए तो जनता की तरफ से आशंका की जा सकती है । निर्वाचन कराने के लिए सबसे पहले तो विवाद रहित ढंग से संविधान संशोधन होना चाहिए । उसके बाद निर्वाचन सम्बन्धी आवश्यक ऐन÷नियम निर्माण और संशोधन करना चाहिए । स्थानीय निकायों की पुनर्सरचना करके उसी के अनुसार नया निर्वाचन करने की बात हो रही है । स्थानीय निकाय पुनर्संरचना के लिए जो आयोग बना है, उसको भी समय से पहले ही प्रतिवेदन तैयार करना होगा । यह तब सम्भव होगा, जब राजनीतिक दलों के बीच समझदारी बनेगी ।
० निर्वाचन नहीं हो पाएगा तो प्रचण्ड नेतृत्व की वर्तमान सरकार कायम रहेगी या नहीं ?
– निर्वाचन हो या नहीं, कोई न कोई सरकार तो रहेगी ही, नेतृत्व परिवर्तन हो सकता है । शान्तिपूर्ण रूप में लोकतान्त्रिक प्रक्रिया से सरकार परिवर्तन होना अस्वाभाविक भी नहीं है । लेकिन जिस एजेण्डा और प्रतिवद्धता के साथ वर्तमान सरकार बनी है, वह पूरी होनी चाहिए, मैं यही मान्यता रखता हूँ । हम सभी की इच्छा भी यही है, लेकिन हमारी राजनीतिक संस्कार, नेतृत्व तह में व्याप्त अदूरदर्शिता और निष्क्रियता, आदि के कारण अपेक्षा और मान्यता मुश्किल में पड़ सकती है ।
० वर्तमान सरकार के लिए प्रमुख एजेण्डा क्या हो सकता है ?
– प्रमुख एजेण्डा तो मधेश केन्द्रीत राजनीतिक दलों की मांग सम्बोधन करने के लिए संविधान संशोधन का वातावरण निर्माण करना ही है । उसके बाद ही अन्य काम कारवाही आगे बढ़ सकती है । दूसरी बात, १८ महीने के भीतर स्थानीय, प्रान्तीय और केन्द्रीय निर्वाचन करना है, उसके लिए आवश्यक ऐन÷कानुन निर्माण कर निर्वाचन आयोग को देना होगा । इसके अलावा भूकम्प और अन्य प्राकृतिक प्रकोप से पीड़ित जनता का उद्धार और उन लोगों के लिए समय में ही राहत देना है । इसी तरह मानवीयता से जुड़े हुए मंहगी और कालाबाजारी नियन्त्रण तथा शान्ति और सुशासन की प्रत्याभूति देना भी प्रमुख प्राथमिकता ही है । इसीलिए प्रचण्ड नेतृत्व का वर्तमान सरकार के लिए कोई भी ‘मधुमास’ का समय नहीं है । विगत में सरकार गठन का तीन महिना, ‘मधुमास’ का समय माना जाता था । अब ऐसा समय नहीं है । सरकार गठन होते ही प्रभावकारी ढंग से काम नहीं हो पाएगा तो सरकार असफल रहेगी ।
० कहा जाता है कि सत्ता में रहे केपी ओली से ज्यादा खतरनाक सत्ता बाहर के केपी ओली हो जाएंगें, आप की नजर में क्या खयाल है ?
– हम लोग देखते हैं कि जिसकी राजनीतिक पृष्ठभूमि कम्युनिजम् से जुड़ी होती है, वह हरवक्त ध्वंसात्मक क्रियाकलाप ही करते हैं । सत्ता में रहते वक्त जबरदस्ती करते हैं और सत्ता से बाहर होने के बाद अपने को क्रान्तिकारी दिखाने के लिए अराजक हरकत करते हैं । क्यों ? क्योेंकि यह उनकी राजनीतिक ‘स्कुलिङ’ से जुड़ा होता है । उदाहरण के लिए हम केपी ओली सरकार को ही ले सकते हैं, जिसने इस्तीफा देने के बाद भी कई महत्वपूर्ण निर्णय किया है । विगत में गिरिजाप्रसाद कोइराला की नेतृत्ववाली सरकार को ‘३० दिन के अन्दर गिरा देंगे’ कहकर एमाले ही सड़क में रेलिङ तोड़ने में उतार हो आए थे । इस दृष्टिकोण से देखा जाए तो कल एमाले की तरफ से कोई जबरदस्ती हरकत नहीं होगी, यह नहीं कहा जा सकता । इसीलिए मैं आप के मार्फत ही एमाले को एक सुझाव देना चाहता हूँ– जो कुछ करना है, विधिसम्मत तरीके से संसद् के भीतर ही किया जाए । हम लोग प्रजातान्त्रिक गणतन्त्र में हैं । जहाँ संसद् से हल न होनेवाला कोई भी विषय नहीं है । इस तथ्य को नहीं भूला जाए । इसीलिए संसद् से सम्बोधन होनेवाले विषयों को लेकर सड़काें में टायर जलाने की आवश्यकता नहीं है । हर मांग के लिए तोड़फोड़ में उतर आने की जो संस्कृति हैं, उसका अन्त होना चाहिए । यह बात सिर्फ एमाले के लिए ही नहीं, हर राजनीतिक दलों के लिए लागू होती है ।
० सरकार में सहभागिता सम्बन्धी विषयों को लेकर नेपाली कांग्रेस के भीतर भी विवाद दिखाई दिया । ४० और ६० की बात निकल गयी, हरदम ऐसा क्यों होता है ?
– एक जीवन्त राजनीतिक पार्टी के अन्दर इस तरह की बात होनी स्वाभाविक है । पार्टी में रहे ईमानदार, निष्ठावान, क्षमतावान और नैतिकवान नेता÷कार्यकर्ता इस विषय को इंकार करते हैं और वे चाहते हैं कि ऐसी हरकत न हो । लेकिन इस तरह सोचनेवाले व्यक्ति पार्टी में अल्पमत में हैं । कतिपय राजनीतिक दल और नेता की मानसिकता ही है– राजनीति करने का मतलब सत्ता प्राप्त करना है और मन्त्री बनना है । ऐसी मानसिकता वाले व्यक्ति मन्त्री बनने के लिए कुछ भी हरकत करते हैं । हमारे अधिकांश राजनीतिक दल और नेताओं में यही चरित्र व्याप्त है ।
० मधेशी मोर्चा की जो मांग है, वर्तमान सरकार उस को सही सम्बोधन कर पाएगा ?
– करना चाहिए । आज की आवश्यकता भी यही है । विगत में जो सरकार थी, वह इस मुद्दा में बेखबर रही, जिसके चलते लम्बे समय तक राजनीतिक अस्थिरता कायम रही । इसलिए अब भी इसका सम्बोधन नहीं करेंगे तो समस्या वैसा ही रहेगी, जैसी पहले थी । समस्या समाधान के लिए ही मोर्चा के साथ पिछली बार तीन सूत्रीय सहमति हुई है । तीन सूत्रीय सहमति के साथ–साथ यह सन्देश भी प्रभावित हो रहा है कि संविधान सर्वस्वीकार्य हो गई है । इस तरह सर्वस्वीकार्य संविधान को अब कार्यान्वयन में ले जाना है ।
० ऐसा है तो अब मधेशी केन्द्रित दलों की चाहना अनुसार संघीय राज्य का सीमांकान हो जाएगा ?
– स्थानीय निकाय पुनर्संरचना आयोग अपना काम कर रहा है । जल्द ही वह अपना प्रतिवेदन देनेवाला है । उसी में आधारित रह कर संघीय राज्य का सीमांकन में कुछ अदल–बदल कर सकते हैं । लेकिन जिस तरह सीमांकन हो जाएगा, उस के प्रति दूसरे व्यक्ति और समुदाय असन्तुष्ट नहीं होना चाहिए । एक व्यक्ति की मांग सम्बोधन करने के बाद दूसरा व्यक्ति विद्रोह करेगा तो वह स्वीकार्य नहीं हो सकता ।
० मधेश में सिर्फ दो ही प्रदेश होना चाहिए, ऐसी मांग मधेशी मोर्चा का है, यह पूरा हो सकता है कि नहीं ?
– पहले ही कह चुका हूँ, एक व्यक्ति का मांग सम्बोधन करते वक्त दूसरा विद्रोह न करें । अपने को मधेशवादी कहनेवाले नेता लोगों को इसमें सोचना ही होगा । अगर उन लोगों की मांग के अनुसार सीमांकन करेंगे और परिस्थिति असहज हो जाती है तो उसका जिम्मेदार मधेश केन्द्रित राजनीतिक दल भी होते हैं । इसमें अधिक बहस कर सकते हैं । किसी भी एक पक्ष की मांग को शतप्रतिशत पूरा नहीं किया जा सकेगा । इसीलिए इसमें सभी को लचकता अपनाना आवश्यक है । सभी समस्या का शान्तिपूर्ण समाधान संसद् ही है । जितना बहस और वादविवाद करना है, वहीं हो सकता है । मधेशवादी दलों की हर मांग के बारें में संसद् में बहस हो सकती है और उपयुक्त मांग पूरी की जाएगी ।
० शासन व्यवस्था के कारण मधेशी सामुदाय विभेद में हैं और आर्थिक रूप में कमजोर भी है, इस तरह का आरोप भी है । यह कितना हद तक सत्य है ?
– इस को जातीय और क्षेत्रीय रूप में नहीं, मानवीय दृष्टिकोण से देखना चाहिए । जब आधुनिक नेपाल का जग निर्माण हो रहा था, उसी समय (पृथ्वीनारायण शाह) से ही मधेशी जनता को जो सम्मान मिलना चाहिए था, वह कुछ हद तक नहीं हो पाया । मैं मानवतावाद में विश्वास करता हूँ । इसीलिए मैं ऐसा सोचता हूँ कि कोई भी जात, नश्ल वा क्षेत्रीय मुद्दा प्राथमिक मुद्दा नहीं है, मानवीय सम्वेदना और सामाजिक न्याय का मुद्दा प्रमुख है । लेकिन अभी जो मधेशवाद की बात हो रही है, कहीं वह नश्लीय चिन्तन तो नहीं है, ऐसी आशंका हो रही है । मधेश की समस्या को इस तरह अनावश्यक रूप देना ठीक नहीं है ।
० तब, आप की नजर में मधेश की मुख्य समस्या क्या है ?
– जनता के लिए मुख्य मुद्दा सामाजिक न्याय ही है । दूसरी बात, भाषिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक न्याय के साथ–साथ वे लोग अपनी पहचान भी तलाश रहे हैं । इसीलिए राजनीति में समावेशी और समानुपातिक प्रतिनिधित्व की बात हो रही है, जिस को हमारा संविधान सम्बोधन कर चुका है ।
० जब नेपाल में सरकार परिवर्तन होता है न जाने क्यों, भारत को उसे जोड़ कर देखा जाता है, ऐसा क्यों होता है ?
– यह तो ‘ओपन सेक्रेट’ है । नेपाल में क्या हो रहा है, इस में कोई भी पड़ोसी को किसी भी तरह का मतलव नहीं होना चाहिए, यह बेहतर होगा । लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है, यह महसूस होता है । दूसरी तरफ इसमें कौन ज्यादा जम्मेदार है ? इस प्रश्न के ऊपर भी विचार करना चाहिए । नेपाल के नेता लोग अपने देश के हित के खातिर अपने आप को ही क्यों मजबूत नहीं करतें ? क्यों पड़ोसियों का दरवाजा खटखटाते हैं ? इसकी तरफ भी देखना चाहिए । हम अपना निर्णय खुद करते हैं तो कोई भी कुछ नहीं बिगाड़ सकता ।
० ऐसा है तो नेपाल–भारत सम्बन्ध को लेकर क्यों बारम्बार विवाद उठता है ?
– नेपाल–भारत सम्बन्ध में दोनों देश, अपने हित को सर्वोपरि मान सकता है, यह स्वाभाविक भी है । नेपाल के हक–हित के लिए नेपाली राजनीतिक दल के नेता में जो महत्वकांक्षा होनी चाहिए और उसके अनुसार अन्तर्राष्ट्रीय सम्बन्ध विस्तार करना चाहिए, यह खूबी नहीं दिखाई देती । इसका अर्थ है– हमारे यहाँ अभी जो नेता हैं, उनमें से किसी के पास भी राजनेताओं का गुण दिखाई नहीं देता ।
० इसका मतलब नेपाल के राजनीति में भारत का प्रभाव कुछ भी नहीं है ?
– हर व्यक्ति का मानवीय चरित्र एवं मनोविज्ञान होता है– अपने के प्रति हर लोग प्रभावित हो जाए, मेरा ही विचार सही माना जाए और सभी उसकी पालना करें । लेकिन उक्त व्यक्ति के साथ कोई प्रभावित होता है या नहीं, यह बात तो दूसरे व्यक्ति में निर्भर रहता है । यही बात देश–देश के बीच भी लागू होती है । कोई भी एक राष्ट्र अन्य पड़ासी मुल्कों को अपने प्रभाव में रखना चाहता है तो उसकी तरफ से यह ठीक भी हो सकता है । लेकिन उसके प्रति प्रभावित होना है या नहीं, यह तो खुद पर निर्भर होता है ।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *