अर्धनग्न हालत में पहुंचे विधायक, मार्शल ने विधानसभा में जाने से रोका
*पटना.मधुरेश*- 28 नवम्बर ।बिहार प्रदेश के पश्चिमी चंपारण जिला अन्तर्गत लौरिया से बीजेपी विधायक व पूर्व मंत्री विनय बिहारी आज अर्धनग्न हालत में सदन की कार्रवाई में भाग लेने के लिए विधानसभा पहुंचे लेकिन गेट पर मौजूद मार्शल ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया।बाद में वे विधानसभा परिसर में धरना पर बैठ गये। पूर्व मंत्री ने पिछले एक महीने से कपड़ा नहीं पहना है। बिना कपड़े के ही वे बिहार विधानसभा के मौजूदा सत्र में भाग लेने के लिए पहुंच गए। दरअसल, विनय अपने क्षेत्र में सड़क निर्माण की मांग को लेकर बगैर कपड़ा के घूम रहे हैं।
विधानसभा की कार्यवाही में भाग लेने के लिए विनय बिहारी हाफ पैंट व बनियान में आज पहुंचे थे। विनय पश्चिम चंपारण जिले के मनुआपुल से रतवल तक सड़क बनवाने की मांग कर रहे हैं। 40 किलोमीटर लंबी इस सड़क की स्थिति काफी जर्जर है। विधायक ने मुख्यमंत्री से लेकर केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी तक सड़क निर्माण के लिए गुहार लगाई पर सुनवाई नहीं हुई। विनय बिहारी का कहना है कि उन्होंने कुर्ता केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के सामने खोल दिया और पायजामा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सौंप दिया।
विनय बिहारी ने कहा कि लगातार प्रयास करने के बावजूद सड़क निर्माण को लेकर मुझे कोई आश्वासन नहीं मिला, लिहाजा मुझे विरोध करने के लिए कपड़ों को त्यागना पड़ा। विधायक ने कहा कि जब तक सड़क निर्माण नहीं हो जाता तब तक उनकी वेशभूषा इसी तरह की रहेगी और ऐसे ही वह अपना विरोध दर्ज कराते रहेंगे।


