झंडोतोलन के समय पाईप से निकला विषधर, मौके से फरार हुए लोग
*मोतिहारी.मधुरेश*-68 वें गणतंत्र दिवस के मौके पर जब पूरे देश में तिरंगा फहराया जा रहा था, ठीक उसी समय पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर प्रखंड क्षेत्र में कुछ ऐसा हुआ कि एक स्कुल में झंडोतोलन करने के लिए जूटे लोगों के बीच अफरातफरी मच गयी। हुआ यह कि कल्याणपुर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय विशुनपुर में झंडोतोलन की सारी तैयारी पूरी कर ली गयी थी। सभी छात्र एवं शिक्षकों के साथ ग्रामीण मौके पर मौजूद थे। ज्योंही झंडोतोलन के लिए रस्सी खिंचने की कार्रवाई शुरु हुई, त्योंही जिस पाईप से झंडे को बांधा गया था उसी पाईप में ऊपर की ओर से एक पुराना गेहुअन सांप निकल कर झंडे से लिपट गया। सांप घंटों ऊपर पाईप समेत तिरंगे से लिपटा रहा। पाईप के उपरी भाग में सांप को लिपटे देखकर सभी लोग भागने लगे। उक्त स्कुल में अफरातफरी मच गयी। सांप काफी देर बाद आहिस्ते-आहिस्ते नीचे की ओर उतर गया। सांप के हटने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली और तब जाकर झंडोतोलन हुआ। इस बाबत पुछे जाने पर बीआरपी नागेंद्र राम ने बताया कि झंडोतोलन के समय सांप निकलने की सूचना मिली है। स्कुल के एचएम प्रमोद कुमार ने कहा यह घटना कैसे घटी मुझे खुद मालूम नहीं है। खैर जो हो झंडोतोलन के समय पाईप से सांप निकलने की घटना देश भक्ति की भावना पर भारी पड़ गयी।


