अजब-गजब : पेड़ से बूंद-बूंद टपक रहा पानी, पूजा को उमड़े लोग

हिमालिनी डेस्क
काठमांडू, १५ मई ।
पटना । इस भीषण गर्मी में किसी पेड़ से पानी टपके तो आप क्या कहेंगे। लेकिन, मुजफ्फरपुर के गायघाट स्थित साठा गांव में ऐसा ही हो रहा है। एक पेड़ के पत्तों व टहनियों से पानी की बूंदें टपक रही हैं। इसे दैवी चमत्कार मान लोगोें ने पूजा भी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार साठा गांव में राजा सल्हेस स्थान के निकट स्थित एक पेड़ से करीब चार दिनों से पानी टपक रहा है। पेड़ को कुछ लोग चमेली का तो कुछ जंगली बता रहे हैं। गांव के लोग इसे इश्वरीय चमत्कार मानकर पूजा-पाठ शुरू कर चुके हैं। वहां बाजाप्ता शामियाना लगाकर भजन-कीर्तन आरंभ है। स्थल पर व्यवस्था सरपंच दिनेश राय ने की है।
ग्रामीणों के अनुसार पेड़ के नीचे मंदिर निर्माण की प्रक्रिया आरंभ की जाने वाली है। मंदिर बनाने के लिए चंदा एकत्र किया जा रहा है। पेड़ को देखने व इसकी पूजा करने दूर-दूर से लोग आ रहे हैं।

