Mon. May 4th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

पंजाब : निहंग सिंहाें ने पुलिस पर किया हमला, एएसआई के दाएं हाथ को काट कर अलग कर दिया

 

पटियाला पंजाब १२ अप्रील

सन्नौर रोड स्थित सब्जी मंडी के बाहर रविवार सुबह कर्फ्यू पास न होने पर एंट्री से रोकने पर कुछ निहंग सिंहों ने अपनी गाड़ी से बैरिकेड तोड़ दिया और पुलिस पर तलवारों से हमला कर दिया। आरोपियों ने एक एएसआई के दाएं हाथ को उसके बाजू से ही काट कर अलग कर दिया। हमले में सदर थाना पटियाला के इंचार्ज समेत कुल चार पुलिसकर्मी और एक मंडी बोर्ड का कर्मचारी घायल हो गए। घायलों को सरकारी राजिंदरा अस्पताल ले जाया गया जहां से गंभीर घायल एएसआई को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
एसएसपी मनदीप सिंह सिद्धू ने बताया कि रविवार सुबह करीब सवा छह बजे एक सफेद रंग की इसूजी में चार निहंग सिंह सन्नौर सब्जी मंडी पहुंचे। मंडी बोर्ड के कर्मचारियों ने इन्हें गेट पर रोका और कहा कि वह कर्फ्यू पास दिखाएं। आरोपियों ने मंडी बोर्ड कर्मचारी को धक्का दिया और गाड़ी से बैरिकेड तोड़कर आगे चले गए। आगे ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने उनको रोका तो मामला भड़क गया।

यह भी पढें   संपत्ति जांच आयोग को खारिज करने की मांग वाली रिट पर आज होगी सुनवाई

निंहग सिंहों ने तलवारें और किरपाण निकाल कर पुलिस वालों पर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने एएसआई हरजीत सिंह के दाएं हाथ पर तेजधार हथियार से वार करके इसे बाजू से ही अलग कर दिया। हमले में सदर थाना पटियाला के एसएचओ इंस्पेक्टर बिकर सिंह की दाईं बाजू, टांग और पीठ पर, जबकि एएसआई राज सिंह की दाईं टांग पर, एएसआई रघबीर सिंह के शरीर पर कई जगह तेजधार हथियारों से चोट लगी।
मार्केट कमेटी के आक्शन रिकार्डर यादविंदर सिंह को भी काफी चोटें आई हैं। करीब 40 मिनट तक यह खूनी खेल चलता रहा। इसके बाद आरोपी पटियाला-चीका रोड पर गांव बलवेड़ा के नजदीक बनाए गुरुद्वारा खिचड़ी साहिब के रिहायशी क्वार्टरों में छिप गए। पुलिस ने उनका पीछा किया।

आईजी पटियाला जतिंदर सिंह औलख ने बताया कि एसएसपी की अगुवाई में पुलिस फोर्स ने गुरुद्वारे की धार्मिक मर्यादा में बिना कोई बाधा डाले इसकी घेराबंदी की और लाउडस्पीकर पर निहंग सिंहों को आत्मसमर्पण करने की अपील की। आरोपी नहीं माने और अंदर से पुलिसवालों को गालियां दीं और धमकाने लगे।

यह भी पढें   बागमती नदी किनारे के बस्तियों को हटाने का काम शुरु

इसके बाद एडीजीपी कमांडो पंजाब राकेश चंद्रा की अगुवाई में बड़ी संख्या में कमांडो फोर्स गुरुद्वारे में अंदर दाखिल हुई। इस दौरान दोनों तरफ से फायरिंग हुई, जिसमें एक निहंग सिंह भी घायल हो गया। पुलिस ने मौके से 11 लोगों को गिरफ्तार किया।

इनमें डेरा प्रमुख बलविंदर सिंह (50) निवासी गांव करहाली पटियाला, बंत सिंह उर्फ काला (50) निवासी गांव आलोवाल, जगमीत सिंह (22) निवासी गांव अमरगढ़ जिला संगरूर, जगमीत सिंह की पत्नी सुखप्रीत कौर (25), गुरदीप सिंह (24) निवासी जैन मोहल्ला समाना, नना, जंगीर सिंह (75) निवासी गांव प्रतापगढ़ पटियाला, मनिंदर सिंह (29) निवासी गांव महमूदपुर अमलोह, जसवंत सिंह (55) निवासी चमारू घन्नौर, दर्शन सिंह निवासी धीरू माजरी पटियाला और निरभै सिंह शामिल है।
इनमें निरभै सिंह को गोली लगी है और वह अस्पताल में दाखिल है। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में थाना पसियाना और सदर थाने में केस दर्ज कर लिया गया है।

भारी मात्रा में हथियारों समेत 39 लाख की नकदी बरामद
आरोपियों से एक एयरगन, 32 बोर की एक देसी पिस्तौल, तीन कारतूस व एक खाली, एक पिस्तौल 12 बोर, चार जिंदा व दो खाली कारतूस और एक 9 एमएम का पिस्टल और तीन कारतूस और दो खोल भी बरामद हुए हैं। 10 तलवारें और चार खंडे, लोहे की दो रॉड, चार धारी मंडासा, एक तीर कमान, चार भाले, चार मुखिया भाला, एक लोहे का सुंबा और करीब 39 लाख की नगदी और इसजू गाड़ी बरामद की गई है।

यह भी पढें   प्रधानमंत्री बालेन शाह के नेतृत्व और नेपाल के राजनीतिक रूपांतरण पर अंतरराष्ट्रीय बहस

पूरे मामले में पंजाब डीजीपी दिनकर गुप्ता ने कहा कि रविवार सुबह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में निहंगों के एक समूह ने पटियाला की सब्जी मंडी में कुछ पुलिस अधिकारियों और मंडी बोर्ड के एक अधिकारी पर हमला कर दिया।

हमले में एएसआई हरजीत सिंह, जिनका हाथ कटा है वे पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती हैं। मैंने पीजीआई के निदेशक से बात की है, जिन्होंने सर्जरी के लिए पीजीआई के शीर्ष प्लास्टिक सर्जन की नियुक्ति की है।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *