उदित नारायण के बेटे आदित्य नारायण की शादी का निकला मुहुर्त जानिए कब होगी शादी
जाने-माने गायक उदित नारायण के बेटे आदित्य नारायण ने लंबे समय से रही अपनी प्रेमिका अभिनेत्री श्वेता अग्रवाल के साथ शादी करने की सारी तैयारियों का एक खाका तैयार कर लिया है। पंडित ने मुहूर्त भी निकाल दिया है और दिन भी तय कर दिया है। बस दिक्कत यही है कि शादी बहुत धूमधाम से नहीं हो पाएगी। इसके पीछे का कारण आदित्य नारायण के पास मात्र 18 हजार रुपये ही शेष रहना नहीं, बल्कि कोरोना वायरस ही है।आदित्य ने फैसला किया है कि वह अपनी प्रेमिका श्वेता के साथ एक दिसंबर को मुंबई में ही सात फेरे लेंगे। इस निजी समारोह में सिर्फ वही लोग शामिल होंगे जो उनके करीबी हैं और कहीं आस-पास ही रहते हैं। महाराष्ट्र सरकार ने फिलहाल के लिए एक जगह पर 50 से ज्यादा लोगों को भीड़ करने की इजाजत नहीं दी है।

इस वजह से ही आदित्य ने अपनी शादी एक मंदिर में ही करने की ठानी है। शादी में रौनक भले ही कम रहेगी लेकिन इसका रिसेप्शन वह बहुत शानदार तरीके से करने वाले हैं। आदित्य और उनके पिता उदित नारायण ने योजना बनाई है कि वह शादी का रिसेप्शन तब रखेंगे जब देश में स्थितियां सामान्य हो जाएंगी।
वह ऐसा वक्त होगा जब शादी में उनके सभी दोस्त और रिश्तेदार खुलकर इस समारोह का आनंद ले सकेंगे। वैसा आनंद फिलहाल कोरोना वायरस की वजह से बरती जा रही सख्तियों के कारण मुमकिन नहीं है। इन सभी योजनाओं के बारे में खुद आदित्य ने ही एक इंटरव्यू के दौरान बताया है। साथ ही उन्होंने बता दिया है कि वह दिवालिया नहीं हुए हैं।

