भारतीय सेना प्रमुख जनरल नरवणे का दो दिवसीय नेपाल दौरा आज से
भारतीय सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे का दो दिवसीय नेपाल दौरा आज (बुधवार) से शुरू हो रहा है। बीते कुछ महीनों से दोनों देशों के बीच सीमा को लेकर विवाद चल रहा है। ऐसे में भारतीय सेना प्रमुख का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है।
नेपाल दौरे पर जनरल नरवणे प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली सहित नेपाली समकक्ष जनरल पूरन चंद थापा से मुलाकात करेंगे। वह नेपाली सेना के आर्मी कमांड एंड स्टाफ कालेज में स्टूडेंट-ऑफिसर्स को संबोधित भी करेंगे।
नेपाल की दो दिवसीय यात्रा से पहले सेना प्रमुख नरवणे ने अपने इस दौरे को महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि उनके इस दौरे से भारत और नेपाल की दोस्ती मजबूत होगी।
सेना प्रमुख नरवणे ने कहा, मैं खुशनसीब हूं कि भारत और नेपाल के रिश्तों को मजबूत करने के लिए मैं काठमान्डू जा रहा हूं। मुझे इस तरह के निमंत्रण पर नेपाल जाने और अपने समकक्ष जनरल थापा से मिलने की खुशी है। मुझे यकीन है कि यह यात्रा दोनों सेनाओं को मजबूत करने वाले बंधनों और दोस्ती को मजबूत करने में एक लंबा रास्ता तय करेगी।

