नेपाल भारत सीमा पर स्मैक तस्कर हिरासत में
सशस्त्र सीमा बल की 42 वी बटालियन की रूपईडीहा बार्डर आउट पोस्ट के जवानों ने एक नेपाली मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 70 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। जिसकी अन्तरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 70 लाख आंकी गई है। गिरफ्तार तस्कर व स्मैक खो रूपईडीहा थाने की पुलिस को सौप केस दर्ज कराया गया है।
सशस्त्र सीमा बल 42 वी बटालियन के कमांडेंट प्रवीण कुमार ने बताया कि बटालियन के जवान सीमाओं की सुरक्षा व तस्करी को पूर्ण रूप से ख़त्म करने के उद्देश्य से सीमा पर लगातार गश्त कर रहे है। सोमवार को बार्डर आउट पोस्ट रुपईडीहा पर तैनात मुख्य सिपाही मुकेश कुमार वर्मा, सिपाही हरेन्द्र यादव, श्याम बिहारी यादव, रूपईडीहा थाने में तैनात उपनिरीक्षक सतेन्द्र यादव, सिपाही वीरेन्द्र कुमार, प्रतीक वर्मा गश्त पर थे। इसी दौरान भारत से नेपाल को जा रहे एक नेपाली नागरिक को रोक कर तलाशी ली गई। उसके पास से 70 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
पकड़े गए तस्कर की पहचान नेपाल के बांके जिले के नेपाल गंज थाने के फुलटेकरा वार्ड नम्बर 21 निवासी सद्दाम मनिहार के रूप में हुई। गहन पूछताछ करने पर उसने बताया कि स्मैक नेपाल में ले जाकर अधिक दाम में बेचता है। गिरफ्तार आरोपी को थाने के सुपुर्द कर दिया गया है। उसके विरूद्ध मादक पदार्थ अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है । गिरफ्तार तस्कर को जेल भेज दिया गया है।

