पहली बार IPL में पहले 3 मैच हारी सनराइजर्स हैदराबाद, जानिए MI vs SRH मैच की 10 बड़ी बातें
मुंबई इंडियन्स ने इंडियन प्रीमियर लीग मुकाबले में शनिवार को यहां सनराइजर्स हैदराबाद को 13 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। सनराइजर्स हैदराबाद को आईपीएल 2021 में लगातार तीसरी हार का स्वाद चखना पड़ा।
ओपनर क्विंटन डी कॉक (40) , कप्तान रोहित शर्मा (32) और कीरोन पोलार्ड (नाबाद 35) की शानदार पारियों के बाद गेंदबाजों के सधे हुए प्रदर्शन से मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को आईपीएल 14 के मुकाबले में शनिवार को 13 रन से शिकस्त दे दी।
मुंबई ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 150 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया और फिर हैदराबाद को 19.4 ओवर में 137 रन पर निपटा दिया। मुंबई की तरफ से बायें हाथ के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने 28 रन पर तीन विकेट और राहुल चाहर ने 19 रन पर तीन विकेट निकाले।
हैदराबाद के मध्य और निचले क्रम के बल्लेबाजों ने फिर से कमजोरी दिखाई और टीम को लक्ष्य तक नहीं पहुंचा सके।टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे मुंबई को डी कॉक और रोहित ने 55 रन की अच्छी शुरुआत दी। रोहित ने 25 गेंदों पर 32 रन में दो चौके और दो छक्के लगाए जबकि डी कॉक ने 39 गेंदों पर 40 रन में पांच चौके लगाए। पोलार्ड ने 22 गेंदों पर नाबाद 35 रन में एक चौका और तीन छक्के लगाए।
पोलार्ड का एक छक्का तो 105 मीटर लम्बा था और यह टूर्नामेंट का अब तक का सबसे लम्बा छक्का भी बन गया। सूर्यकुमार ने छह गेंदों पर एक चौके और एक छक्के के सहारे 10 रन और ईशान किशन ने 21 गेंदों पर बिना किसी बॉउंड्री के 12 रन बनाये। हार्दिक पांड्या सात रन बनाकर आउट हुए जबकि क्रुणाल पांडया तीन रन पर नाबाद रहे।हैदराबाद की तरफ से मुजीब उर रहमान ने 29 रन पर दो विकेट और विजय शंकर ने 19 रन पर दो विकेट तथा खलील अहमद ने 24 रन पर एक विकेट लिया।
मुंबई के पांच विकेट पर 150 रन जवाब में हैदराबाद की टीम 137 पर ऑल आउट हो गयी।हैदराबाद के लिए जॉनी बेयरस्टॉ ने सबसे ज्याद 43 रन बनाये। मुंबई के लिए राहुल चाहर और ट्रेंट बोल्ट ने तीन – तीन विकेट लिये।
1) आईपीएल 2021 में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने वाले रोहित शर्मा पहले कप्तान बने।
2) आईपीएल इतिहास में पहली पार सनराइजर्स हैदराबाद किसी सीजन में अपने पहले 3 मैच हारी है।
3) चेपॉक पर पिछले 6 आईपीएल मैचों में से सनराइजर्स हैदराबाद एक भी मैच नहीं जीत पायी है।
4) मुंबई इंडियन्स के लिए 200 छक्के लगाने वाले कीरन पोलार्ड पहले खिलाड़ी बने।
5) रोहित शर्मा ने कप्तान के तौर पर 72 वीं जीत हासिल कर कोलकाता के पूर्व कप्तान गंभीर (71 जीत) से आगे निकल गए हैं।
6) आईपीएल 2021 में यह लगातार तीसरा मैच है जब मुंबई इंडियन्स के किसी बल्लेबाज ने अर्धशतक नहीं बनाया।
7) रोहित शर्मा ने धोनी के 216 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ा। आईपीएल में 217 छक्के लगाकर वह सर्वाधिक छक्के मारने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं।
8) कीरन पोलार्ड ने आईपीएल 2021 का अब तक का सबसे लंबा छक्का (105 मीटर) मारा है।
9) इस मैच में किसी भी बल्लेबाज ने अर्धशतक नहीं लगाया। आईपीएल 2021 का यह ऐसा तीसरा मैच है।
10) ट्रैंट बोल्ट ने आखिरी ओवर में दो विकेट लिए। पिछले मुकाबले में भी उन्होंने ऐसे ही मैच का अंत किया था।

