चीनी विदेशमंत्री की नेपाल यात्रा के तुरंत बाद प्रधानमंत्री देउवा जा रहे भारत यात्रा पर
स्रोत के अनुसार प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउवा एक अप्रैल को भारत यात्रा में जाएँगे । प्रम देउबा एक अप्रैल को नई दिल्ली पहुंचेंगे। दो अप्रैल को प्रधानमंत्री मोदी और दूसरे राजनेताओं से मुलाकात होगी। तीन अप्रैल को वे काठमांडू लौट आएंगे। प्रधानमंत्री बनने के बाद उनकी पहली औपचारिक विदेश यात्रा होगी। इसके पहले पिछले साल नवंबर में स्कॉटलैंड के ग्लासगो में मोदी और देउबा के बीच बातचीत हुई थी। तब दोनों नेता वहां जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र के सम्मेलन में भाग लेने वहां गए थे।
हालांकि गुरुवार तक देउबा की भारत यात्रा का औपचारिक एलान नहीं हुआ था, लेकिन बुधवार को इसकी ओपचारिक घोषणा कर दी गई है उसके बाद से अधिकारी यात्रा के कार्यक्रम को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। इस बीच यह अनुमान लगाया जा रहा है कि काठमांडू में चीनी विदेश मंत्री के साथ हुई चर्चा के विषय में, देउबा मोदी से बात कर सकते हैं।
नेपाल सरकार के एक उच्च अधिकारी ने कहा है कि – ‘देउबा की यह छोटी, लेकिन कामकाज के लिहाज से महत्त्वपूर्ण यात्रा होगी। कुछ समय से दोनों देशों के सर्वोच्च नेतृत्व के बीच सीधे संवाद और संपर्क की कमी रही है। इस यात्रा से ये कमी दूर होगी।’
पर्यवेक्षकों ने ध्यान दिलाया है कि करीब चार साल बाद यह किसी नेपाली प्रधानमंत्री की पहली भारत यात्रा होगी। पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के शासनकाल में भारत और नेपाल के संबंध तनावपूर्ण हो गए थे। लेकिन देउबा अब भारत से रिश्तों को सुधारने को प्राथमिकता दे रहे हैं। पर्यवेक्षकों का कहना है कि यह भी चीन के लिए चिंता का विषय हो सकता है। चीन को शायद यह भी पसंद नहीं आएगा कि वांग यी की यात्रा के तुरंत बाद देउबा ने भारत जाने का कार्यक्रम बना लिया है।

