माता-पिता का दर्जा भगवान से भी ऊंचा : ओमप्रकाश यादव
मातादीन-मूर्तिदेवी स्मृति-समारोह आयोजित
नारनौल। माता-पिता का दर्जा भगवान से भी ऊंचा होता है, तो माता-पिता की सेवा से बढ़कर कोई पूजा नहीं है। यह कहना है हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव का। मनुमुक्त ‘मानव’ मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा स्थानीय सैक्टर-1, पार्ट-2 स्थित अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक केंद्र मनुमुक्त भवन में आयोजित ‘मातादीन-मूर्तिदेवी स्मृति-समारोह’ में बतौर मुख्य अतिथि उन्होंने कहा कि ट्रस्ट द्वारा इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन, निश्चय ही, सराहनीय है तथा इनसे आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी। अपने अध्यक्षीय वक्तव्य में सिंघानिया विश्वविद्यालय, पचेरी बड़ी (राजस्थान) के कुलपति डॉ उमाशंकर यादव ने पंडित मातादीन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता-संग्राम और समाज-सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। इस अवसर पर भारत विकास परिषद् के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रकुमार शर्मा ने भी विशिष्ट अतिथि के रूप में पंडित मातादीन और मूर्तिदेवी को श्रद्धा सुमन अर्पित किये। इससे पूर्व चरखी-दादरी से पधारे वरिष्ठ साहित्यकार डॉ अशोककुमार ‘मंगलेश’ ने पंडित मातादीन का विस्तृत परिचय प्रस्तुत किया तथा उन्हें बहुआयामी व्यक्तित्व का धनी बताते हुए कहा कि उन्होने कांग्रेस और प्रजामंडल के सक्रिय सदस्य के रूप में स्वतंत्रता-संग्राम में तो उल्लेखनीय योगदान दिया ही, जनजागृति और शिक्षा के प्रचार-प्रसार में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। तत्पश्चात् अलवर के संजय पाठक, चरखी-दादरी के डाॅ अशोककुमार ‘मंगलेश’, नांगल चौधरी के प्रमोद वत्स, मंडी अटेली के डॉ छतरसिंह वर्मा और नारनौल की डॉ कृष्णा आर्या, भारतभूषण तायल, धर्मवीर विद्यार्थी तथा हरीश शर्मा ने अपने गीतों द्वारा पंडित मातादीन और उनकी धर्मपत्नी मूर्तिदेवी को काव्यांजलि अर्पित की। चीफ ट्रस्टी डॉ रामनिवास ‘मानव’ ने ‘जीवन में जब भी मिले, खुशियां या अवसाद। अम्मा-बाबूजी सदा, रह-रह आये याद।।’ कहकर सबको भावुक और भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के अंत में जयपुर की डॉ सावित्री रायजादा, चरखी-दादरी के डॉ अशोककुमार ‘मंगलेश’ और नारनौल के बजरंगलाल अग्रवाल, धर्मचंद छाबड़ा, कप्तान जगराम आर्य, रमेश पुलियानी, गजानन कौशिक और किशनलाल शर्मा को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के दृष्टिगत अंगवस्त्र, स्मृति-चिन्ह और सम्मान-पत्र भेंटकर मातादीन-मूर्तिदेवी स्मृति-सम्मान से नवाजा गया। लगभग तीन घंटों तक चले इस महत्त्वपूर्ण समारोह में ट्रस्टी डॉ कांता भारती के अतिरिक्त खनन विभाग, हरियाणा के संयुक्त निदेशक वासुदेव यादव, प्रिंसिपल मुकेश कुमार, प्रिंसिपल अशोककुमार शर्मा, प्रगतिशील शिक्षक ट्रस्ट के अध्यक्ष संजय शर्मा, निगरानी समिति के पूर्व चेयरमैन और मनोनीत पार्षद् महेंद्रसिंह गौड़, पीएनबी के पूर्व प्रबंधक बनीसिंह यादव, पूर्व डाकपाल गिरधारीलाल दायमा, बनवारीलाल शर्मा, सुरेंद्र यादव, रामगोपाल अग्रवाल, कृष्णकुमार एडवोकेट, गोविन्द व्यास, प्रो अंजू निम्होरिया, परमानंद दीवान, महावीरप्रसाद आर्य, सत्यपाल शर्मा, बलदेवसिंह चहल, कृष्ण अवतार शर्मा, मोहित जैन, डॉ महताब सिंह, डॉ सुनील भारद्वाज, सत्यवीर चौधरी, बीरसिंह यादव, राजसिंह यादव आदि महानुभावों की उपस्थिति विशेष उल्लेखनीय रही।



