नेपाल ने बढ़नी बॉर्डर से भारत को सीमेंट का निर्यात तेज किया
अजय प्रताप गुप्त
*कपिलवस्तु (लु.प्र.)*नेपाल के कपिलवस्तु स्थित सीमेंट उद्योगों ने निर्यात घाटा कम करने,उद्योग को आर्थिक मंदी से उबरने के निहितार्थ कृष्णनगर- बढ़नी बॉर्डर से भारत को सीमेंट का निर्यात करने में तेजी लानी शुरू कर दी है।बालाजी सीमेंट इंडस्ट्रीज प्रालि ने भी बीआईएस गुणस्तरीय चिन्ह लेने के बाद आज से दो ट्रकों 840 बोरियों की पहली खेप भारत (सिद्धार्थनगर) भेजी है।
नेपाल के सीमावर्ती कपिलवस्तु जिले की कंपनी बालाजी सीमेंट इंडस्ट्रीज ने आज एक भव्य शुभारंभ कार्यक्रम करके भारत में निर्यात करना शुरू किया है।बीते वर्ष जुलाई माह में बजट पेश करते हुए नेपाल सरकार ने सीमेंट एक्सपोर्ट को बढ़ावा देने के लिए सब्सिडी देने की घोषणा की थी।बजटीय घोषणा के अनुसार किसी कंपनी के नेपाली कच्चा माल का इस्तेमाल करते हुए नेपाली सीमेंट का निर्यात करती है तो उसे 8 फीसदी का कैश सब्सिडी दिये जाने की बात रही। इसी सब्सिडी के कारण सीमावर्ती कपिलवस्तु जिले के शिवराज नगरपालिका वार्ड नं.-6,धर्मनगर में संचालित बालाजी सीमेंट इंडस्ट्रीज ने सोमवार से इंडो-नेपाल के कृष्णनगर-बढ़नी बॉर्डर से भारत में सीमेंट का निर्यात शुरु किया। शिवराज नगरपालिका के मेयर अजय थापा ने फैक्ट्री परिसर में आयोजित “भारत निर्यात शुभारंभ कार्यक्रम” का फीता काटकर किया। मेयर अजय थापा और बालाजी सीमेंट इंडस्ट्रीज के संस्थापक ऋषिकेश अग्रवाल ने नेपाल व भारत का राष्ट्रीय ध्वज दिखाकर भारत निर्यात हेतु सीमेंट लदे (840 बोरे,42 टन) दो ट्रकों को रवाना किया। सीमेंट निर्यात के संबंध में जानकारी देते हुए बालाजी सीमेंट इंडस्ट्रीज के संस्थापक ऋषिकेश अग्रवाल ने कहा कि भारत सरकार के भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) द्वारा बालाजी सीमेंट के उत्पाद ‘बाहुबली’ और ‘सृष्टि’ को आईएसआई गुणवत्ता चिह्न दिए जाने के बाद, भारत में निर्यात शुरू किया गया है। पहली बार कपिलवस्तु जिले से भारत में सीमेंट का निर्यात शुरू हुआ है। जिसका उद्देश्य निर्यात को धीरे-धीरे बढ़ाना है। आर्थिक मंदी की मौजूदा स्थिति में सीमेंट निर्यात का काम शुरु होने से नेपाली बाजार में आर्थिक सुधार की आस जगी है। उन्होंने कहा कि नेपाल सरकार को सुगम निर्यात हेतु वातावरण तैयार करना चाहिए, जिससे व्यापार घाटा न्यूनतम हो। उन्होंने बताया कि हमारे उद्योग का दैनिक उत्पादन क्षमता 16 सौ टन है, जो ‘बाहुबली’ और ‘श्रृष्टि’ ब्रांड के ओपीसी 43 ग्रेड और पीपीसी सीमेंट का उत्पादन करता है। सीमेंट के दोनों ब्रांडों को नेपाल गुणवत्ता विभाग ‘एनएस’ और भारत सरकार के भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) से प्रमाण-पत्र मिला हुआ है। शिवराज नगरपालिका के मेयर अजय थापा ने सीमेंट उद्योग को हर सम्भव सहयोग देने की बात कही। उन्होंने फैक्ट्री में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की बात कही। चंद्रौटा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष ईश्वरी पांडेय ने कहा कि सरकारी अनुदान के साथ भारत को सीमेंट का निर्यात देश की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में मदद करेगा। निदेशक रौनक अग्रवाल ने कहा कि नेपाल सरकार की तरफ से बजट में सीमेंट निर्यात के लिए आठ फीसदी सब्सिडी दिए जाने के बाद हम भारत को सीमेंट निर्यात करने को लेकर उत्साहित हैं। इस दौरान फैक्ट्री के डायरेक्टर विवेक अग्रवाल व संदीप अग्रवाल, मो. रऊफ, रंजन कानोडिया, महताब आलम खान आदि मौजूद रहे।



