अमेरिकी सहयोग राशि और खर्च को लेकर श्वेतपत्र जारी किया जाएः सांसद् खतिवडा

काठमांडू, ६ मार्च । नेपाली कांग्रेस के सांसद रामहरि खतिवड़ा ने सरकार से आग्रह किया है कि अमेरिका द्वारा प्रदान की गई सहयोग राशि और उसके खर्च का विवरण सार्वजनिक करने के लिए श्वेतपत्र जारी किया जाए । आज बिहिबार को प्रतिनिधिसभा की बैठक में सांसद खतिवड़ा ने यह मांग किया गया है ।
सांसद् खतिवडा ने कहा कि अमेरिका से मिली सहयोग राशि के दुरुपयोग को लेकर बार–बार चर्चा होती रहती है, इसलिए यह स्पष्ट करना आवश्यक है कि नेपाल को कुल कितनी राशि मिली और इसका उपयोग कैसे किया गया । ‘नेपाल को अब तक कितनी सहयोग राशि मिली और इसे किन–किन लोगों ने उपयोग किया ? सरकार या अर्थ मंत्रालय को इस पर श्वेतपत्र जारी करना चाहिए’, खतिवड़ा ने कहा ।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि नेपाल में एनजीओ और आईएनजीओ के माध्यम से आई सहायता राशि कितनी है और इसका कहां–कहां उपयोग किया गया । सांसद खतिवड़ा ने आरोप लगाया कि अमेरिकी सहयोग राशि के दुरुपयोग की अफवाहों के चलते नेपाल की बदनामी हो रही है । उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि इस विषय में सच्चाई को उजागर करने के लिए श्वेतपत्र जारी किया जाए ।

