भारत के इस राज्य से जल्द ही शुरू हाेगी नेपाल के लिए बस-सेवा
काठमान्डू28 मार्च
पर्यटन को बढ़ावा देने की योजना को मूर्तरूप देने के क्रम में नेपाल-भारत के बीच बस सेवा शुरू करने पर सहमति बन गई है। उत्तर प्रदेश और दिल्ली से नेपाल के काठमांडू, पोखरा और अन्य पर्यटन स्थलों के लिए जल्द ही वातानुकूलित (एसी) बस सेवा शुरू होगी।
शासन ने गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या, लखनऊ और दिल्ली से बस सेवा शुरू करने के संबंध में प्रस्ताव मांगा था। परिवहन निगम कार्यालय गोरखपुर ने लखनऊ मुख्यालय को प्रस्ताव भेज दिया है। इस पर मुहर लगते ही बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।
परिवहन निगम ने गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या, लखनऊ और दिल्ली से एक-एक एसी बसों के संचालन का प्रस्ताव तैयार किया है। नेपाल ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन भी इन शहरों के लिए एक-एक बस चलाएगा। गोरखपुर से काठमांडू व पोखरा के बीच टू बाई टू सीट वाली एसी जनरथ बस चलाई जाएगी।
नेपाल जाने वाली अधिकतर बसें गोरखपुर बस स्टेशन से होकर सोनौली के रास्ते चलाई जाएंगी। गोरखपुर परिक्षेत्र को जल्द ही 20 एसी जनरथ, शताब्दी और वाल्वों बसें मिल जाएंगी। शासन ने इन बसों के प्रस्ताव पर अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। बहराइच होते हुए गोंडा से नेपालगंज रोड के रास्ते काठमांडू व पोखरा के लिए एक-एक बस चलाने का प्रस्ताव तैयार है।
सूत्रों के अनुसार, शासन, परिवहन निगम और संबंधित अधिकारियों के अलावा नेपाल ट्रांसपोर्ट एसोसिएशनों के बीच बैठक भी हो चुकी है, जिसमें नेपाल के ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने बस सेवा शुरू करने पर सहमति दी है। वहां रूट व बसों के रख-रखाव की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है।
परिवहन निगम की ओर से भी रूट, बसों की सफाई, निगरानी और किराया को लेकर भी संबंधित विभागों व अधिकारियों से वार्ता चल रही है। संभावना है कि अप्रैल में परिवहन निगम के प्रस्तावों पर मुहर लग जाएगी। शासन की हरी झंडी मिलते ही भारत-नेपाल बस सेवा शुरू हो जाएगी।

