महाधिवेशन की तैयारी के लिए एमाले ने बुलाई पार्टी सचिवालय बैठक
काठमांडू, २८ अक्टूबर । ग्यारहवें महाधिवेशन की तैयारी में जुटी नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एमाले) ने पार्टी केन्द्रीय सचिवालय की बैठक बुलाई है । पार्टी के कार्यालय सचिव डॉ. भीष्म अधिकारी के अनुसार, सचिवालय बैठक आगामी कात्तिक १५ गते (३१ अक्टूबर) को होने वाली है । बैठक में महाधिवेशन से संबंधित विभिन्न निर्णय लिए जाएंगे ।
गत असोज २९–३१ (१५–१७ अक्टूबर) को हुई एमाले की केन्द्रीय समिति की बैठक में ग्यारहवां महाधिवेशन पोखरा में कात्तिक २७–२९ गते (१३–१५ नवंबर) आयोजित करने का निर्णय पहले ही लिया जा चुका है । सचिवालय बैठक में महाधिवेशन प्रतिनिधि चयन प्रक्रिया, महाधिवेशन सम्पन्न करने के लिए विभिन्न उपसमितियों का गठन, स्थानीय आयोजकों के साथ समन्वय आदि पर निर्णय किया जाएगा । बैठक में महाधिवेशन की तैयारी का पूरा खाका सार्वजनिक किया जाएगा । इसके साथ ही महाधिवेशन के लोगो और नारे पर भी चर्चा होगी ।
पार्टी की गण्डकी प्रदेश समिति, कास्की जिला समिति और पोखरा महानगर समिति ने महाधिवेशन की प्रारंभिक तैयारियाँ पहले ही शुरू कर दी हैं ।

