जिन्ना का जिन्न: ‘हम तो डूबेंगे सनम, तुम्हें भी ले डूबेंगे’ की राह पर शत्रुघ्न सिन्हा
पटना | बिहारी बाबू शत्रुघ्न सिन्हा अकसर अपने बेबाक बोल को लेकर विवादों में घिर ही जाते हैं। अपने हमलों से भाजपा का खामोश करने वाले शॉटगन अब नई मुसीबत में फसते दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस के लिए ‘हम तो डूबेंगे सनम, तुम्हें भी ले डूबेंगे’ जैसी स्थिति बनी हुई है। दरअसल हुआ यूं कि शत्रुघ्न सिन्हा भाजपा को घेरने में इतने व्यस्त हो गए कि वह पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना की तारीफ ही कर बैठे। इतनी ही नहीं उन्होंने तो जिन्ना को ‘कांग्रेस परिवार’ का सदस्य ही बता डाला। हालांकि सिन्हा ने इसे जुबान का फिसलना करार दिया लेकिन अब यह बात निकली है तो दूर तक तो जाएगी ही। ‘जिन्ना का जिन्न’ निकलना उन पर काफी भारी पड़ता दिखाई दे रहा है। भाजपा के साथ-साथ सोशल मीडिया ने भी उन्हे घेरना शुरू कर दिया है। लोगों ने बड़े ही दिलचस्प अंदाज में शॉटगन का जिन्न निकालना शुरु कर दिया है। ट्विटर पर भी लोग उन्हे खरी खोटी सुना रहे हैं। 

