वेस्टइंडिज पर भारत की विजय कैरेबियाई टीम को 125 रन से हराया
मैनचेस्टर में खेले गए वर्ल्ड कप के 34वें मुकाबले में टीम इंडिया ने कैरेबियाई टीम को 125 रन से हरा दिया और अपना विजयी अंदाज जारी रखा। इस मैच में जीत का पूरा श्रेय भारतीय गेंदबाजों को जाता है जिन्होंने कैरेबियाई बल्लेबाजों को पूरी तरह से क्रीज पर टिकने नहीं दिया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में प्रवेश करने की तरफ अपनी दावेदारी और मजबूत कर दी है। ये भारतीय टीम की इस विश्व कप में पांचवीं जीत है और छह मैचों में टीम इंडिया 11 अंक के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।
भारत की ओर से मिले 269 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज टीम की हालत शुरू से ही खस्ता रही। कैरेबियाई बल्लेबाजों के लिए भारतीय तेज गेंदबाजी के साथ-साथ स्पिनर्स भी एक पहेली की तरह से साबित हुए। वेस्टइंडीज की ओर से सुनील एंब्रिस ही 30 से ऊपर का स्कोर करने में कामयाब हुए। उन्होंने सर्वाधिक 31 रन बनाए।
मोहम्मद शमी ने इस मैच में भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए। उनको पिछले मैच में भी चार विकेट मिले थे। उनके अलावा बुमराह और चहल को 2-2 विकेट मिले। जबकि पांड्या और कुलदीप को 1-1 विकेट मिला। शमी ने जहां शुरुआती दो विकेट लेकर भूमिका तैयार की थी तो वहीं बुमराह ने बीच के ओवरों में लगातार गेंदों पर दो विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। इससे पहले भारत ने पहले बैटिंग करते हुए रोहित शर्मा का विकेट विवादपस्द तरीके से जल्द ही गंवा दिया। उन्होंने 18 रन बनाए उसके बाद राहुल और कोहली के बीच अच्छी साझेदारी हुई लेकिन राहुल इस बार भी पारी को लंबा नहीं खींच सके और 48 रन बनाकर आउट हो गए। लेकिन भारत की असली चिंता विश्व कप में विजय शंकर और केदार जाधव की साधारण बल्लेबाजी है ये दोनों इस मैच में भी संघर्ष करते हुए दिखाई दिए। इनके सस्ते में आउट होने के बाद धोनी और पांड्या के बीच 60 गेंदों पर 70 रनों की साझेदारी हुई। भारत की पारी में कोहली (72) और धोनी (नाबाद 56) ने अर्धशतक लगाए जबकि हार्दिक पांड्या ने अंतिम ओवरों में 46 रनों की तेज पारी खेली। इस मैच में भारत ने वही टीम टीम उतारी है जो पिछले मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ खेली थी।

