राइडिंग हेलिंग एप गोकाडा के सीईओ फहीम सालेह का शव टुकड़ों में मिला
राइडिंग हेलिंग एप गोकाडा के सीईओ फहीम सालेह का शव उनके न्यूयॉर्क स्थित लक्जरी अपार्टमेंट मिला है। पुलिस ने बुधवार को इसकी जानकारी दी है। न्यूयॉर्क पुलिस की प्रवक्ता ने कहा कि 33 वर्षीय फहीम सालेह मंगलवार को अपने मैनहेटन स्थित घर में मृत पाए गए।
उन्होंने कहा कि सालेह के शव को टुकड़े-टुकड़े करके अलग-अलग रखा गया था। शव को देखकर लग रहा है कि उनकी हत्या यहीं की गई है। प्रवक्ता ने कहा कि इस संबंध में जांच जारी है। हालांकि, अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
न्यूयॉर्क टाइम्स अखबार ने बताया कि जासूसों को सालेह के शव के पास एक इलेक्ट्रिक आरी मिली। उनका सिर और शरीर का बाकी हिस्सा अपार्टमेंट में कहीं और पाए गए थे। अखबार ने बताया कि सालेह की बहन को उनका शव दिखा और फिर उन्होंने पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी।
पुलिस ने इस हत्या की वजह को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है, लेकिन डेली न्यूज के अखबार ने कहा कि जांचकर्ताओं का मानना है कि यह एक व्यापारिक विवाद था। बांग्लादेशी प्रवासी के बेटे सालेह नाइजीरियाई मोटरसाइकिल राइड-हेलिंग और डिलीवरी एप गोकाडा के सीईओ थे।
सालेह की मौत को लेकर गोकाडा ने अपने ट्वीटर हैंडल से ट्वीट किया, ‘फहीम हम सभी के लिए एक महान नेता, प्रेरणा और सकारात्मक रोशनी की तरह थे। फहीम की दृष्टि और हम में विश्वास हमेशा के लिए हमारे साथ रहेगा और हम उन्हें बहुत याद करेंगे।’
गोकाडा का सीईओ होने के अलावा सालेह एडवेंचर कैपिटल के संस्थापक भी थे, जो विकासशील देशों में स्टार्टअप में निवेश करती थी। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सालेह का शव जिस अपार्टमेंट में मिला है, उसे उन्होंने हाल ही में 2.2 मिलियन डॉलर (लगभग 15 करोड़ रुपये) में खरीदा था।

