म्यांमार में प्रदर्शनकारियों पर शनिवार को फिर गोलियां बरसाई गई,12 लोगों की मौत
म्यांमार में सैन्य तख्तापलट के विरोध में सड़कों पर उतर रहे प्रदर्शनकारियों पर शनिवार को फिर गोलियां बरसाई गई। इसमें 12 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। इस दक्षिण पूर्व एशियाई देश में गत एक फरवरी को सेना तख्तापलट कर सत्ता पर काबिज हो गई थी। तब से लोकतंत्र की मांग को लेकर देश में शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों में 75 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि म्यांमार के दूसरे सबसे बड़े शहर मांडले में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की गोलीबारी में पांच लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। एक अन्य व्यक्ति की मौत मध्यवर्ती शहर प्याय में हो गई, जबकि दो लोग वाणिज्यिक शहर यांगून में पुलिस गोलीबारी में मारे गए। मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि तीन लोग शुक्रवार की रात मारे गए थे।
प्याय में 23 वर्षीय एक प्रदर्शनकारी ने कहा, ‘सुरक्षा बलों ने शुरू में घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए घटनास्थल पर एंबुलेंस को पहुंचने नहीं दिया। कुछ बाद में इसकी अनुमति दी।’
सू की सहित कई शीर्ष नेता हिरासत में
बता दें कि सेना गत एक फरवरी को नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी (एनएलडी) की सरकार का तख्तापलट कर सत्ता पर काबिज हो गई। तभी से अपदस्थ सर्वोच्च नेता आंग सान सू की सहित कई शीर्ष नेता हिरासत में हैं। सेना ने आंग सान पर रिश्वत लेने और अवैध रूप से संचार उपकरण आयात करने के आरोप लगाए हैं।

