Fri. Jul 17th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

लोक आस्था का महापर्व छठ : श्वेता दीप्ति

 

प्रकृति का संचारक सूर्य हमारी जीवन्त उपासना का केन्द्र है । इसी मान्यता को स्थापित करता है महापर्व छठ 

डॉ श्वेता दीप्ति, सम्पादकीय, हिमालिनी अंक नोवेम्बर 2021। वैदिक युग से भगवान सूर्य की उपासना का उल्लेख मिलता है । ऋग्वेद में सूर्य को स्थावर जंगम की आत्मा कहा जाता है । सूर्यात्मा जगत स्तस्थुषश्च ऋग्वेद १÷११५ वैदिक युग से अब तक सूर्य को जीवन स्वास्थ्य एवं शक्ति के देवता के रूप में मान्यता है । छान्दोग्य उपनिषद में सूर्य को ब्रह्म कहा गया है । आदित्यों ब्रह्मेती ।

पुराणों में द्वादश आदित्यों, सूर्य की अनेक कथाएँ प्रसिद्ध हैं, जिनमें उनका स्थान व महत्व वर्णित है । धारणा है, सूर्य संबधी कथाओं को सुनकर पाप एवं दुर्गति से मुक्ति प्राप्त होती है । एवं मनुष्य प्रकृति का संचारक सूर्य हमारी जीवन्त उपासना का केन्द्र है । इसी मान्यता को स्थापित करता है महापर्व छठका अभ्युत्थान होता है । हमारे ऋषियों ने उदय होते हुए सूर्य को ज्ञान रूप ईश्वर स्वीकारते हुए सूर्योपासना का निर्देश दिया है । सूर्य हमारी उर्जा का केन्द्र है ।

यह भी पढें   मधेश की राजनीतिक यात्रा- पहचान की प्राप्ति, अधिकार की खोज और नेतृत्व की चुनौती : डॉ. सुशिल भट्टराई

प्रकृति का संचारक सूर्य हमारी जीवन्त उपासना का केन्द्र है । इसी मान्यता को स्थापित करता है महापर्व छठ । सूर्य सभी तरह की ऊर्जा का स्रोत है, इसीलिए उसका स्तुति गान किया गया है, लेकिन उसे कभी परमेश्वर का दर्जा नहीं दिया गया । इसके अलावा वेदों में पांच तत्वों अग्नि, वायु, गगन, जल और धरती के महत्व और कार्य को कई तरह से दर्शाया गया है । धरती को तो माता की संज्ञा दी गई है । इस तरह मानव जीवन में प्रकृति और देवताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है ।

वे सभी ब्रह्मस्वरूप माने गए हैं, लेकिन ब्रह्म नहीं । लोक में सूर्य ऊर्जा का अक्षय स्त्रोत है । मूलतः प्रकृति पूजा की संस्कृति वाले इस देश में, सूर्य की पूजा किसी भी परम्परा से बहुत–बहुत पुरानी है । यह वैदिक काल से है । लेकिन शास्त्रीयता और पांडित्य को लोक अपनी शर्तो पर स्वीकार करता है और उसका मानवीकरण भी करता आया है । लोक मूलतः हमारा कृषि आधारित समाज ही है । छठ शुद्ध रूप से प्रकृति की पूजा का पर्व है । प्रकृति के प्रति कृतज्ञता दिखाने का अवसर, लेकिन किसी कर्मकांड की जरूरत नहीं है इस पूजा में । सूर्य की पूजा का मौका (जिन्हें एकमात्र ऐसा भगवान माना जाता है जो दिखते हैं) जलाशयों की महत्ता समझने–समझाने का त्योहार है । यह दुनिया का इकलौता अवसर है, जिसमें डूबते सूर्य को भी नमन किया जाता है । यह परंपरा इसे दूसरे पर्वों से अलग करती है । इससे समाज का यह दायित्व भी दिखता है कि जिस सूर्य ने हमें दिन भर तेज दिया, रोशनी दी, उसके निस्तेज होने पर भी हम उसे भूलते नहीं हैं ।

यह भी पढें   प्रधानमंत्री बालेन शाह तथा महिला उद्यमी महासंघ के पदाधिकारियों बीच संवाद

लोक उसे ही स्वीकार करता है जो उसके बीच का होता है, इसलिए हमने अपनी आस्था का भी मानवीकरण किया है । क्योंकि तब वह हमारे जैसा होता है हममें से होता है, यही सगुण भक्ति का स्वरूप है । शायद इसीलिए लोक ने सूर्य की शक्तियों और उसकी ऊर्जा का मानवीकरण छठ मैया के रूप में कर दिया हो । धर्म में तर्क के लिए जगह नहीं होती इसलिए छठ वह महापर्व है जिसे हम तर्क, आस्था और विश्वास की गहराई से स्वीकार करते हैं ।

यह भी पढें   आज का पंचांग: आज दिनांक13 जुलाई 2026 सोमवार शुभसंवत् 2083

छठ से पहले रौशनी का त्योहार दीपावली का हम स्वागत करते हैं । माँ लक्ष्मी की आराधना के साथ सभी की सुख समृद्धि की कामना करते हैं । ‘हिमालिनी’ जन–कल्याण की कामना के साथ अपने पाठक, विज्ञापनदाता और समस्त जन को अशेष शुभकामना व्यक्त करती है ।

डॉ श्वेता दीप्ति
सम्पादक, हिमालिनी ।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *