पटना से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली स्पाइसजेट विमान में अचानक लगी आग, सभी यात्री सुरक्षित
बिहार की राजधानी पटना में एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली स्पाइसजेट विमान में अचानक आग लग गई। आग का पता लगते ही हड़कंप मच गया। तुरंत विमान की इमरजेंसी लैंडिग करा दी गई और सभी यात्रियों को सुरक्षित तरह से बाहर निकाला गया। जिसके बाद विमान की आग बुझाई गई। घटना के दौरान की एक-दो वीडियो भी सामने आई हैं, जिनमें आसमान में आग लगे प्लेन का भयानक मंजर और इमरजेंसी लैंडिंग होते हुए दिख रही है। वीडियो आम लोगों ने अपनी गली-मोहल्ले और घरों की छतों से बनाया है।
गौरतलब है कि रविवार को पटना से दिल्ली के लिए उड़ान भर रहे स्पाइसजेट विमान के इंजन में टेकऑफ के बाद आग लग गई। जैसे ही आग का पता चला तो जल्द से जल्द प्लेन की पटना एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग करा दी गई। प्लेन में सवार 185 यात्रियों को उतारने के बाद आग बुझाई गई।
बर्ड हिट बताया जा रहा कारण
बताया जा रहा है कि टेक ऑफ के तुरंत बाद कम ऊंचाई पर ही पक्षी के टकराने से विमान में आग लगी थी। लेफ्ट ओर के इंजन के तीन ब्लेड्स टूट गए हैं। स्पाइसजेट ने घटना को लेकर आधिकारिक बयान जारी किया है और बर्ड हिट को वजह बताया है। एयरपोर्ट प्रशासन की ओर हादसे की उच्चस्तरीय जांच चल रही है।

