Thu. Apr 23rd, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

घूघंट बुरा नहीं है इसे देखने की नजरिया बुरा है : बिम्मी शर्मा

 

ghughat

बिम्मी शर्मा, बीरगंज ,२२ नवम्बर |“घूघंट का पट खोल रे तुझे श्याम मिलेगें । ” इस मशहूर भजन की तरह हम सभी ने चेहरे का घूघंट तो हटा लिया पर मन में लगा हुआ अंधविश्वास का शताब्दियों पुराना घूघंट नहीं हटा सके । देश की प्रधान न्यायाधीश के दिमाग में भी घूघंट है इसी लिए वह मधेश की महिलाओं का घूघंट करना भी पिछड़ापन मानती है । वह शायद यह भूल गई हैं कि घूघंट करना एक संस्कार और तहजीव भी है ।

जब भी तराई या मधेश की चर्चा होती है तब यहां की सारी अच्छी बातें भूल कर बस घूघंट, दहेज और गंदगी को ही ध्यान में रखा जाता है । अनाज और सब्जी के लिए प्रसिद्ध मधेश की उपजाऊ भूमि जो पहाड़ियों के पेट में जा कर डकार मारती है उसे सब भूल जाते हैं । बस याद रह जाता है तो घूघंट । घूघंट की ओट में एक नयीं नवेली दूल्हन या औरत का चेहरा जितना सुंदर और सुसंस्कृत लगता है उतना बिना घूघंट की पहाड़ी औरत नहीं लगती है ? घूघंट मधेश की शर्म और हया है

प्रधान न्यायाधीश एक औरत है पर वह औरत होने का महत्व ही भूल गई है । मधेश में घूघंट नहीं यहाँ की अशिक्षा और अन्धबिश्वास ज्यादा दोषी है जो एक औरत को आगे बढ़ने नहीं देता । जादू, टोना और एक अकेली और बूढ़ी औरत को घर और गाँव से निकाल दिया जाता है । इस के विरुद्ध में कड़ा कानून बनाने की दिशा में प्रधान न्यायाधीश कोई पहल नहीं करती । पर उन्हे सारा दोष घूघंट में ही नजर आता है । कम उम्र की लड़किया और औरत बलात्कार की शिकार होती है । इस के खिलाफ बोलने या कड़े कानून बनाने की कोई चिंता नहीं है इन्हें बस घूघंट की पीड़ा है ।

यह भी पढें   नेपाल-भारत सीमा पर बढ़ी नाराज़गी, सरकार मौन, सत्तारूढ़ दल के सांसदों ने भी उठाए सवाल

जब भारत मे मुगलों का शासन था तब काफिरों से बचने के लिए उस समय के लिहाज से औरतों के लिए घूघंट ओढ़ना जरुरी समझा गया था । ताकि किसी भी औरत को कोई बुरी नजर से न देखें । औरतों के शरीर से छेड़खानी या उन्हे अपराध से बचाने के लिए बूर्का या घूंघट का प्रचलन लाया गया । बाद में जब भारत में अग्रेंजो ने शासन किया उस समय भी औरतों को अग्रेंजो के उत्पीड़न से बचाने के लिए घूघंट या बूर्के को जरुरी समझा गया । आज भी शादीशुदा औरत मन्दिर में भगवान के सामने माथा टेकते समय या अपने से बड़ों के सामने जाते समय शीष नवाते हुए उनके सामने घूघंट या आंचल का परदा करती है । यह मधेश की तहजीब है जिसे नकारना या बुरा कहना वहां कि संस्कृति को नकारना है । हरेक धर्म या संस्कृति की अच्छी बातों का अनुशरण करना चाहिए ।

पर हमारे देश की प्रधान न्यायाधीश यह बात समझें तब न ? उन्हे तो बस घूघंट में विकृति ही दिखाई देती है । पुरुष भी तो टोपी पहनते हैं या गर्मी में धूप से बचने के लिए सिर में गमछा या अंगोछा रखते हैं । तो क्या इसमें भी बुराई है ? किसी जाति विशेष की पहचान को गलत मोड़ देना या उसको गलत तरीके से व्याख्या करना बिल्कूल गलत है । प्रधान न्यायाधीश ने देखा तो बस उस घूघंट को । पर उस घूघंट के अंदर से झांक कर कोई अपनी आपबीती बताना चाह रही होगी ? इसे तो बिल्कूल नजरअंदाज कर दिया । क्या घूघंट करने से मधेश की औरते पिछडी हुई है तो घूंघट न करने वाली सभी औरतें माडर्न है और उनके साथ कोई अपराध नहीं होता ? क्या घूघंट औरत के आधुनिक होने या न होने का कोई तराजु है ? जिसमें रख कर हर औरत को तौला जाना चाहिए ?

यह भी पढें   १०० रुपये की सरहद और लहूलुहान स्वाभिमान: क्या सिंहदरबार ने मधेश की गरिमा की यही कीमत लगाई है?

और पहाड़ की औरतें जो घूघंट नहीं करती पर सिर मे मझेत्रो (स्कार्फ) तो पहनती है न ? नेपाल पश्चिमी पहाड़ी भेग में अभी भी औरतों को माहवारी होने पर गाय के गोठ में तीन दिनों तक रखा जाता है । जिसे यहां के स्थानीय भाषा में छाउपडी प्रथा कहा जाता है । गाय के गोठ जैसी गंदी जगह मे सोने के कारण कितनी बार औरतें बीमार पड़ती हैं या कभी कभार मर भी जाती है । पर इस तरह की दकियानुसी सोच या अंधबिश्वास को हटाने के लिए पहल करने या कानून बनाने की ओर प्रधान न्यायाधीश का ध्यान क्यों नहीं जाता । हद है उनकी सोच अभी भी घूंघट में ही अट्की हुई है ।

क्या घूघंट करने वाली सभी औरते जाहिल है ? भारत की पूर्व प्रधान मंत्री इंदिरा गांधी हो या पाकिस्तान की बेनजीर भुट्टो और बांगलादेश की शेख हसीना । यह सभी घूघंट या सिर में आंचल करती थी । तो क्या यह सब किसी पुरुष नेता या दूसरी घूघंट न करने वाली महिलाओं से कमतर थी ? दोष घूघंट में नहीं आपकी सोच में है । नयां जुत्ता या चप्पल पहनने से पैर में काट्ता है और घाव होता है । तो क्या लोग जुत्ता चप्पल पहनना छोड़ देगें या अपना पैर ही काट लेगें ?

वैसे भी मधेश से घूघंट का प्रचलन पहले से काफी कम हो गया है । घर के मर्द या पति के वैदेशिक रोजगारी में जाने से सारी जिम्मेदारी औरतों के कंधे पर आ गयी है । जिसके कारण औरतें अब पहले की तुलना में कम घूघंट करती है । घूघंट ओढ्ना या आंचल करना पिछडेपन की निशानी नहीं । यह औरतों की सलज्जता का प्रतीक है । यही औरत अपने परिवार और मधेश का मान रख रही है । मधेश की संस्कृति या चित्र की जब भी कोई कल्पना करता है उसमें घूघंट की ओट में हंस रही औरत का ही बिम्ब उभरता है । घूघंट की ओट में मधेश अभी भी अपना बहुत कुछ बचा कर और समेट कर चल रहा है ।

यह भी पढें   नेपाल की राजनीति में ‘परशुराम से राम’ का संक्रमण: एक नए युग का संकेत : अजयकुमार झा

मधेश छठ या होली जैसे त्यौहारों मे खुद को जीवंत करता है और इसको जीवतंता देती हैं यहां की औरतें । जो शिक्षित या अशिक्षित कोई भी हो अपने पहनावे और ओढ़ावे से मधेश की पहचान को एक आकार देती है । यदि मधेश कि औरतें भी स्कर्ट पहनने लग जाए तो उनमें और अग्रेंजो में फर्क ही क्या रह जाएगा ? उनके इसी तहजीब को देखने के लिए ही तो देश, विदेश से लोग आते है । आखिर में कोई भी धर्म हो किसी भी जात की लडकियों का शादी हो रही हो । पर उनमें एक बात साझा होती है । शादी में सभी धर्म और जात की दूल्हन घूघंट करती ही है । चाहे वह पहाडी, हिमाली, मधेशी, मुस्लिम, सिख या ईसाई धर्म में की जा रही शादी ही क्यों न हो । घूघंट बुरा नहीं है इस को किस तरह से देखा और लिया जाता है वह नजरिया बुरा है । (व्यग्ंय )

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *