Sun. Jun 21st, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

महाराष्ट्र के 19 वें सीएम बने उद्धव ठाकरे, छह मंत्रियों ने भी ली शपथ

 

 

_हिमालिनी के लिए मधुरेश प्रियदर्शी की रिपोर्ट…..मुंबई :– शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे ने गुरुवार की शाम महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ लेने के तुरंत बाद ठाकरे ने सर झुकाकर उपस्थित जनसमुदाय का अभिवादन किया। इस दौरान शिवाजी पार्क में करीब 70 हजार समर्थकों के अलावा द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस, मनसे प्रमुख राज ठाकरे, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी भी मौजूद थे। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने उद्धव को बधाई दी, लेकिन समारोह में शामिल नहीं हो पाने के लिए अफसोस भी व्यक्त किया।

यह भी पढें   भारत के बहराईच में बाँके जिला के चार पत्रकार सम्मानित हुये 

सूबे के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने उद्धव ठाकरे को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलवाई। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद उद्धव कैबिनेट की पहली बैठक भी होगी। माना जा रहा है किवे इस बैठक में किसानों की कर्जमाफी से जुड़ा फैसला ले सकते हैं।

इन विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली……

शिवसेना से विधायक दल के नेता एकनाथ शिंदे, सुभाष देसाई।

राकांपा से विधायक दल के नेता जयंत पाटिल, छगन भुजबल।

कांग्रेस से विधायक दल के नेता और 8 बार के विधायक बालासाहेब थोराट।

यह भी पढें   आज का पंचांग: आज दिनांक 20 जुन 2026 शनिवार शुभसंवत् 2083

कैबिनेट बैठक में बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट पर भी होगी चर्चा ……

उद्धव कैबिनेट की बैठक में फसलों की बीमा योजना के रिव्यू का निर्णय भी लिया जा सकता है। गठबंधन की प्रेसवार्ता में शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने कहा- सरकार संकट से जूझ रहे किसानों के हक में फैसला लेगी। नाहर रिफाइनरी और बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट पर कैबिनेट मीटिंग में चर्चा होगी।

ठाकरे परिवार के लिए शिवाजी पार्क खास…….

ठाकरे परिवार के लिए मुंबई का शिवाजी पार्क हमेशा से खास रहा है। यही वो मैदान है, जहां से हाल में शिवसेना की दशहरा रैली में पार्टी नेता संजय राउत ने ऐलान किया था कि महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री शिवसेना से होगा। इसी पार्क में बाला साहब का अंतिम संस्कार भी हुआ था। शपथ ग्रहण समारोह के लिए जहां मंच बनाया गया था, उसके पीछे छत्रपति शिवाजी महाराज की बड़ी प्रतिमा है। वहीं पर बाला साहब ठाकरे का स्मारक भी बना हुआ है।

यह भी पढें   वीरगंज चीनी मिल और जनकपुर सिगरेट कारखाने को पुनः चालू करने के लिए रूस तैयार

महाराष्ट्र में नई सरकार के मुखिया के रुप में उद्धव ठाकरे के शपथ लेते ही गठबंधन दलों के कार्यकर्ताओं के बीच भारी उत्साह देखा जा रहा है।

 

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may missed