Sat. Sep 12th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

पतंजलि आयुर्वेद के सीईओ आचार्य बालकृष्ण एम्स ऋषिकेश में भर्ती

 

 

पतंजलि आयुर्वेद के सीईओ व बाबा रामदेव के सहयोगी आचार्य बालकृष्ण का शुक्रवार दोपहर अचानक स्वास्थ्य खराब हो गया। तबीयत अधिक खराब होने पर उन्हें एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है।

आचार्य बालकृष्ण के साथ बाबा रामदेव भी मौजूद हैं। वहीं, सूचना पाकर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल भी एम्स पहुंचे और आचार्य बालकृष्ण का हालचाल जाना। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की दोपहर आचार्य बालकृष्ण ने भोजन किया।

भोजन के उपरांत अपराह्न करीब 2:30 बजे उन्हें सीने में दर्द महसूस हुआ। बेहोशी की आशंका में उन्होंने आसपास मौजूद स्टाफ को बताया। इसके बाद आचार्य बालकृष्ण को नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया। करीब 15 मिनट उपचार के बाद निजी अस्पताल के चिकित्सकों ने हाथ खड़े कर दिए।
इमरजेंसी से वार्ड तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
इसके बाद आनन फानन में उन्हें एम्स ऋषिकेश लाया गया। यहां मौजूद पतंजलि संस्थान की ओर से मीडिया कोआर्डिनेटर विमल कुमार ने बताया कि संभवत: आचार्य बालकृष्ण को फूड प्वाइजनिंग के कारण गैस की समस्या हुई है। फिलहाल एम्स निदेशक प्रो. रविकांत की निगरानी में आचार्य बालकृष्ण का उपचार चल रहा है।

यह भी पढें   प्रधानमंत्री की उद्यमियों के साथ चर्चा

आचार्य बालकृष्ण को शाम करीब 4 बजे एंबुलेंस से एम्स लाया गया। भर्ती करने से पहले एम्स प्रशासन ने इमरजेंसी में पूरी तैयारियां कर ली थी। एम्स निदेशक प्रो. रविकांत सहित चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ब्रहृमप्रकाश सहित दर्जन भर चिकित्सक मौके पर मौजूद रहे।

इस दौरान आचार्य बालकृष्ण की सुरक्षा में तैनात कमांडो और निजी सुरक्षा जवानों ने पूरे इमरजेंसी हॉल को अपने घेरे में ले लिया। इमरजेंसी में भर्ती करने के कुछ ही देर बाद आचार्य बालकृष्ण की एमआरआई जांच करवाई गई।
पेड़ा खाने से हुई तबीयत खराब- बाबा रामदेव
शुक्रवार देर शाम ऋषिकेश एम्स प्रशासन की ओर से जारी किए गए मेडिकल बुलेटिन के बाद योग गुरु स्वामी रामदेव ने वीडियो जारी कर कहा कि आचार्य बालकृष्ण पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को कोई सजन्न आचार्य बालकृष्ण से उनके दफ्तर में मिलने आए थे।

यह भी पढें   आज राष्ट्रीय शोक

वह व्यक्ति श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर पेड़े लेकर आया। उनके आग्रह पर आचार्य बालकृष्ण ने एक पेड़ा खा लिया। इसके बाद उनको चक्कर आने लगा और उल्टी भी हुई, जैसा कि फूड प्वाइजनिंग से होता है। लेकिन चिकित्सकों ने पूरी स्थिति को बेहतर तरीके से कवर किया और अब आचार्य बालकृष्ण पूरी तरह स्वस्थ हैं। स्वामी रामदेव ने कहा कि उन्होंने आचार्य जी से करीब पांच मिनट बातचीत भी की।

यह भी पढें   प्रमुख प्रतिपक्षी दलों की बैठक शुरु

बड़ी संख्या में संत एम्स पहुंचे
दूसरी तरफ हरिद्वार से बड़ी संख्या में संत एम्स पहुंचे और आचार्य बालकृष्ण की कुशल क्षेम जानी। स्वामी हरिचेतनानंद, महंत रघु मुनि महाराज, महंत प्रेमदास महाराज, महंत निर्मल दास महाराज, दक्षिण काली पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशानंद ब्रह्मचारी, स्वामी दिव्यानंद महाराज, ऋषि राम कृष्ण महाराज, स्वामी कमल दास महाराज आदि ने उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

आचार्य बालकृष्ण अर्द्धचेतन अवस्था में यहां लाए गए थे। भर्ती करने के बाद उनकी तमाम जांचें करवाई गईं। भर्ती करने के दौरान उनका ब्लड प्रेशर कम था, जो फिलहाल सामान्य है। इसके अलावा ईसीजी, स्क्रीनिंग ईको, आरबीएस जांच करवाई गई। सभी जांच रिपोर्ट ठीक पाई गई है। ब्रेन का एमआरआई करवाया गया, जो सामान्य है। -डॉ. ब्रह्मप्रकाश, चिकित्साधीक्षक, एम्स ऋषिकेश

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com