Mon. Jun 22nd, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

धनतेरस पर बिका 60 करोड़ का सोना

 

नई दिल्‍ली. धनतेरस के मौके पर सोने की जमकर खरीदारी हुई। इस दिन देशभर में करीब 60 करोड़ रुपये का सोना बिक गया। सोने की मांग बढ़ने से मंगलवार को दिल्ली सराफा बाजार में चांदी की कीमतों में 300 रुपये की तेजी आकर भाव 53,500 रुपये प्रति किलो हो गए। जबकि सोने की कीमतों में 100 रुपये की तेजी आकर भाव 27,130 रुपये प्रति दस ग्राम हो गए।
सिक्कों की बिक्री बढऩे से दस ग्राम चांदी के सिक्के का भाव बढ़कर 620-630 रुपये प्रति पीस हो गया। मुंबई सराफा बाजार में सोने का भाव बढ़कर 26,915 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी का भाव बढ़कर 53,930 रुपये प्रति किलो हो गया। उधर कोलकाता में सोने का भाव बढ़कर 27,120 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी का भाव 53,100 रुपये प्रति किलो हो गया।

यह भी पढें   रास्वपा ने भेजा थापा और ओली को विशिष्ट अतिथि के लिए निमंत्रण

ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष शील चंद जैन ने बताया कि धनतेरस के कारण सोने और चांदी के गहनों के साथ ही सिक्कों की बिक्री में भी बढ़ोतरी हुई है इसीलिए चांदी और सोने की कीमतों में भी तेजी आई है। दिल्ली बुलियन वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष वी के गोयल ने बताया कि धनतेरस पर पारंपरिक रूप से शगुन और समृद्धि के लिए की जाने वाली खरीददारी अब निवेश का रूप ले चुकी है। पहले लोग इस दिन बर्तन और गहनों की ज्यादा खरीद करते थे लेकिन अब चांदी और सोने के सिक्के, बार, नोट और गोल्ड ईटीएफ में ज्यादा निवेश कर रहे हैं।

यह भी पढें   नेपाल में गूंजा सनातन का संदेश : स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने संस्कृति, राष्ट्र और मानवता पर दिया प्रेरक उद्बोधन

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेजी दर्ज की गई। सोने की कीमतों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में 11 डॉलर की तेजी आकर भाव 1,653 डॉलर प्रति औंस हो गए। जबकि 21 अक्टूबर को सोने का भाव अंतरराष्ट्रीय बाजार में 1,642 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ था। चांदी का भाव भी मंगलवार को बढ़कर अंतरराष्ट्रीय बाजार में 31.51 डॉलर प्रति औंस हो गया जबकि पिछले कारोबारी दिवस में इसका भाव 31.40 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ था।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *