Fri. Oct 2nd, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें himalini-sahitya

घर से निकलूं तो : (कविताएं) केशव शरण

 

घर से निकलूं तो

_______________

घर से
निकलूं तो
नर्सरी से पौधे लाऊं

घर से
निकलूं तो
बाज़ार से खिलौने लाऊं

घर से
निकलूं तो
अस्पताल में वैक्सीन लगवाऊं

घर से
निकलूं तो
संक्रमित न हो जाऊं !
__________________________

लाकडाउन में श्वान
________________

उन्हें मालूम रहता था
मैं बिस्कुट लिये हुए हूं
वे दूर से ही देखकर
पूंछ हिलाते
भागे चले आते
मेरे पास थे

उन्हें मेरा इंतज़ार रहता था
तो अब भी रहता होगा
मगर वे क्या जानते होंगे
कोरोना वायरस क्या है
लाकडाउन क्या है

यह भी पढें   आज का पंचांग: आज दिनांक 30 सितंबर 2026 बुधवार शुभसंवत् 2083

मैं नहीं जा रहा हूं
घर से बाहर अपने
तो वे मेरे सपने में
चले आ रहे हैं
मेरी आधी-अधूरी नींद के सिरहाने
बिस्कुट खाने
__________________________

आठवां दिन है
______________

सात दिनों में
कितनी सड़कों
और गलियों के
सात चक्कर लगाये होते
कम से कम
सात मित्रों के साथ
और घर लौटता एक अच्छी शाम कर

आठवां दिन है महामारी के नाम पर
दीवारों के बीच
अकेले
पड़े हुए

घर के आंतरिक चित्रों में
जड़े हुए
______________________________

यह भी पढें   महात्मा गांधी जयंती: आगा खान पैलेस, कैद और आज़ादी की पुकार : डॉ.विधुप्रकाश कायस्थ

एकमात्र आशा
_____________

आशा नहीं है
पोस्टमैन भी आयेगा
ख़त लिखना तो
कब का बंद कर चुके हैं लोग
और अब शब्द भी
छप नहीं रहे हैं
मेरे हों
या किसी और के

दोस्त और रिश्तेदार
पहले ही कह चुके हैं
मिलना-मिलाना बाद में
जीवन बचाना पहले
नगर की हवा में
विषाणु उड़ रहे हैं

दोपहर ढल रही है
चार बज रहे हैं
एकमात्र आशा
चिड़ियों से है
और लो
वे आ गयीं
क्या चहचहा रहीं
मुंडेर पर

यह भी पढें   जनकवि दुर्गालाल श्रेष्ठ की स्मृति में ‘अक्षर यात्रा दशक आठ’ समारोह का आयोजन

दूर कुर्सी लगाकर बैठ जाओ
पौधों के आस-पास
दाने बिखेरकर !
_________________________

एस 2/564 सिकरौल
वाराणसी 221002
9415295137

 

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com