प्रिये तुम्हारी इन आँखों में मेरा जीवन बोल रहा है : गाेपाल सिंह नेपाली
गोपाल सिंह नेपाली (Gopal Singh Nepali) का 11 अगस्त 1911 को बेतिया, पश्चिमी चम्पारन (बिहार) में जन्म हुआ। गोपाल सिंह नेपाली को हिन्दी के गीतकारों में विशेष स्थान प्राप्त है, इसीलिए उन्हें, ‘गीतों का राजकुमार’ कहा गया है। फिल्मों के लगभग 400 गीत लिखे।
प्रकाशित कृतियों में ‘उमंग’, ‘पंछी’, ‘रागिनी’, ‘पंचमी’, ‘नवीन’ व ‘हिमालय ने पुकारा’ प्रमुख हैं, इसके अतिरिक्त प्रभात, सुधा, रतलाम टाइम्व व योगी, साप्ताहिकद्ध का संपादन भी किया। श्रृंगार व प्रणव गीतों से श्रोताओं व पाठकों का मन मोह लेने वाले ‘नेपाली’ की कलम ने राष्ट्र-प्रेम के गीतों से युवाओं में देशभक्ति के भावों का भरपूर संचार किया।
1963 में मात्र 52 वर्ष की उम्र में भागलपुर रेलवे स्टेशन पर गोपाल सिंह नेपाली का देहांत हो गया।
बहारें आएँगी, होंठों पे फूल खिलेंगे
सितारों को मालूम था, हम दोनों मिलेंगे
सितारों को मालूम था छिटकेगी चाँदनी,
सजेगा साज प्यार का बजेगी पैंजनी
बसोगे मन में तुम तो मन के तार बजेंगे
सितारों को मालूम था, हम दोनों मिलेंगे
मिला के नैन हम-तुम दो से एक हो गए
अजी हम तुम पे पलकें उठाते ही खो गए
नैना झुकायेंगे, जिया निछावर करेंगे
सितारों को मालूम था, हम दोनों मिलेंगे
कली जैसा कच्चा मन कहीं तोड़ न देना
बहारों के जाने पे कहीं छोड़ ना देना
बिछड़ने से पहले हम अपनी जान दे देंगे
सितारों को मालूम था, हम दोनों मिलेंगे
प्रिये तुम्हारी इन आँखों में मेरा जीवन बोल रहा है
बोले मधुप फूल की बोली, बोले चाँद समझ लें तारे
गा-गाकर मधुगीत प्रीति के, सिंधु किसी के चरण पखारे
यह पापी भी क्यों-न तुम्हारा मनमोहम मुख-चंद्र निहारे
प्रिये तुम्हारी इन आँखों में मेरा जीवन बोल रहा है
देखा मैंने एक बूँद से ढँका जरा आँखों का कोना
थी मन में कुछ पीर तुम्हारे, पर न कहीं कुछ रोना धोना
मेरे लिय बहुत काफी है आँखों का यह डब-डब होना
साथ तुम्हारी एक बूँद के, मेरा जीवन डोल रहा है
कोई होगी और गगन में, तारक-दीप जलाने वाली
कोई होगी और, फूल में सुंदर चित्र बनाने वाली
तुम न चाँदनी, तुम न अमावस, सखी तुम तो ऊषा की लाली
यह दिल खोल तुम्हारा हँसना, मेरा बंधन खोल रहा है
आ रहे तुम बन कर मधुमास
और मैं ऋतु का पहला फूल
घने तुम काले-काले मेघ उठे
हो आज बाँच कर दुन्द
और मैं उठा पवन से सिहर
थिरकता धारों पर जल बुन्द
बने तुम गगन गगन मुख चन्द्र
चंद्र की किरण रेशमी डोर
और मैं तुम्हें देखने बना मुग्ध
दो नयन-नयन की कोर
सबल तुम आगे बढ़ते चरण
और मैं पीछे पड़ती धूल
तरुण तुम अरुण किरण का वाण
कठिन मैं अन्धकार का मर्म
मधुर तुम मधुपों की गुंजार और
मैं खिली कली की शर्म
दूर की तुम धीमी आवाज़
गूँजती जो जग के इस पार
रात की मैं हूँ टूटी नींद
नींद का बिखर गया संसार
चपल तुम बढ़ती आती लहर
और मैं डूब गया उपकूल
सुभग तुम झिलमिल-झिलमिल प्रातः
प्रातः का मन्द मधुर कलहास
गहन मैं थकी झुटपुटी साँझ
उतरती तरु कुंजों के पास
सघन तुम हरा-भरा वन कुञ्ज
कुञ्ज का मैं गायक खल बाल
तुम्हारा जीवन मेरा गान
और मेरा जीवन तरु डाल
पुरुष तुम फैला देते बाँह
प्रकृति मैं जाती उन पर झूल
प्रवल तुम तेज पवन की फूँक
फूँक से उठा हुआ तूफ़ान
और मैं थरथर कम्पित दीप
दीप से झाँक रहा निर्वाण
कुशल तुम कवि कुल कण्ठाभरण
और मैं एक तुम्हारा छन्द
जन्म तुम बनने का शृंगार
मरण मैं मिटने का आनन्द
सरल तुम प्रथम बार का ज्ञान
और मैं बार-बार की भूल

